सीडीओ की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस सम्पन्न

ऊँचाहार, रायबरेली। शनिवार को तहसील सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस सम्पन्न हुआ, इस दौरान कुल आई 27 शिकायतों में 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर भेजी गई है।
सीडीओ अंजुलता ने आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्या सुनी।
पूरे जसवंत सिंह मजरे जिंगना गाँव की मिठाना ने दिये शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव के दो लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा है, उसे न्याय व सुरक्षा न मिली तो वो आमरण अनशन करेगी,गढ़ी मजरे इटौरा बुजुर्ग गाँव के अमृतलाल, भारतलाल व मुन्नालाल समेत अन्य लोगों ने भूमिधरी जमीन से कब्जा हटवाने की शिकायत की,नसीरनपुर की रामपति ने अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत की।
इस मौके पर तहसीलदार आकांक्षा दीक्षित, बीडीओ सुनील कुमार सिंह आदि लोग रहे।
—————————————————————————————
अपनी मांगों को लेकर आशाओं ने प्रदर्शन कर किया कार्य बहिष्कार
ऊँचाहार, रायबरेली। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तेरह सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष की अगुवाई में आशाओं ने प्रदर्शन करते हुए कार्य बहिष्कार किया ।
शनिवार को प्रदर्शन की अगुवाई कर रही जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा ने बताया कि उत्तरप्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के आवाहन पर तेरह सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए एक दिन कार्य बहिष्कार किया गया है।आगामी 9 तारीख को लखनऊ में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।

जिसमें हम लोग भागीदारी करेंगे ।13 सूत्रीय मांगो में प्रमुख रूप से दस लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा व 50 लाख रुपये का जीवन बीमा,न्यूनतम वेतन लागू किये जाने तक आशाओं को 21 हजार व आशा संगिनियों को 28 हजार मानदेय दिया जाये,गोल्डन आयुष्मान कार्ड व आभा परिचय पत्र के सृजन में किये गए योगदान के सापेक्ष एकमुश्त भुगतान किया जाये आदि मांगो का हवाला दिया गया।
इस मौके पर प्रतिभा सिंह, सरोज मिश्रा, विजय लक्ष्मी, बिटान देवी समेत बड़ी संख्या में आशाएँ मौजूद रही।
—————————————
मधुमक्खी के हमले से तीन लोग घायल
ऊँचाहार, रायबरेली। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे तीन लोग मधुमक्खी के हमले में गम्भीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे बल्लू मजरे कुसुमी गाँव निवासी अश्वनी 40 वर्ष, रिश्तेदार प्रदीप 37 वर्ष निवासी अम्बारा मथई थाना गदागंज व सुजल विश्वकर्मा 14 वर्ष निवासी पूरे पोरई मजरे कोटरा बहादुरगंज के साथ कोटरा बहादुरगंज के बारह बीघा घाट पर शनिवार की दोपहर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।हमले में तीनों लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये।जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि घायल अवस्था में तीन लोग सीएचसी आये थे, जिनका उपचार किया गया है।
————————————–
ई-रिक्शा की टक्कर से घायल युवक की मौत
ऊँचाहार, रायबरेली। अनियंत्रित होकर जा रहे ई रिक्शा की टक्कर से सड़क पार कर रहे युवक की मौत हो गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पूरे नौबत लाल मजरे ऊंचाहार देहात गाँव निवासी पवन कुमार 35 वर्ष पुत्र शीतला प्रसाद शनिवार की सुबह किसान सम्मान निधि का फार्म जमा करने ऊंचाहार आया था।नगर के बस स्टैंड के पास सड़क पार करते समय ई रिक्शा ने अनियंत्रित होकर उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया, घटना में पवन सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गया, स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना से मृतक की मां ज्ञानवती व पत्नी रानी का रोरोकर बुरा हाल है।
इस मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
इस बाबत कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, तहरीर मिलने पर कार्यवाई की जायेगी।



