भागवत में दबंगों का तांडव: मारपीट के बाद जातीय तनाव

एससी,एसटी एक्ट में केस दर्ज ल,फरार आरोपियों की तलाश जारी

इटावा। इटावा जनपद के थाना ऊसराहार क्षेत्र के अंतर्गत भौराजपुर गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ बाहरी दबंगों ने शराब के नशे में धुत होकर जमकर उत्पात मचाया। मंच पर बैठने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। दादरपुर कांड के सात महीने बाद जनपद में एक बार फिर जातीय बवाल उभरने से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भौराजपुर गांव में श्रीमद् भागवत कथा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के कुछ बाहरी युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे और मंच पर बैठने की जिद करने लगे। आयोजकों द्वारा मना किए जाने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर दबंगों ने मारपीट की और कथा का साउंड सिस्टम भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में चार लोगों को साधारण चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी सरसई नावर भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और ऊसराहार पुलिस मौके पर पहुंची।

आयोजक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की सुसंगत धाराओं और एसटी,एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले में नामजद आरोपी राम यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि भूरे यादव, संजीब यादव, महिपाल यादव, महेंद्र सिंह और रितिक कुमार समेत अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ भरथना और थानाध्यक्ष ऊसराहार ने पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण किया। 11 जनवरी तक प्रस्तावित कथा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल सामान्य है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button