कब्जा रोकने की नाबालिग ने लगाई न्याय की गुहार
सिविल कोर्ट में वाद लंबित के बावजूद जबरन कब्जा का किया जा रहा प्रयास

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा के मोहल्ला बृजराज नगर निवासी एक नाबालिग ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका जताते हुए एसडीएम भरथना को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी का आरोप है कि न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद विपक्षी पक्ष जबरन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
बृजराज नगर निवासी नंदू (नाबालिग) पुत्र स्व. अमित कुमार सिंह की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि वह अन्य सहखातेदारों के साथ भूमि का संक्रमणीय भूमिधर है। उक्त भूमि का अब तक सहखातेदारों के बीच न तो आपसी बंटवारा हुआ है और न ही कोई सरकारी बंटवारा कराया गया है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि मोहल्ला बालूगंज के दो नामजद व्यक्ति विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि इस भूमि पर उनका कोई वैधानिक अधिकार नहीं है। प्रार्थी की माँ का कहना है कि मेरे हिस्से की जमीन का बैनामा कराने की बात हुई थी जिस पर बिना मेरी जानकारी के मेरे नाबालिग बेटे की सम्पत्ति का बैनामा भी लिखवा लिया गया जिसकी मैं संरक्षक हूँ, रोड चौड़ी करण में जमीन जाने की बात सामने आने पर क्षेत्रीय लेखपाल से सम्पर्क किया तब उक्त मामले की जानकारी हो सकी.
पीडिता की माँ ने बताया कि इस विवाद को लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन इटावा की अदालत में मामला विचाराधीन है। मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई 2026 को निर्धारित है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष भूमि पर तोड़फोड़ कर फसल बोने की कोशिश कर रहे है।
नाबालिग की ओर से एसडीएम से मांग की गई है कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर जांच कराई जाए तथा न्यायालय में मामला लंबित रहने तक विपक्षी पक्ष को किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करने से रोका जाए, जिससे किसी अप्रिय स्थिति और नुकसान से बचा जा सके।



