डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

नीट परीक्षा में कुल 14 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

जसवंतनगर,इटावा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित नीट परीक्षा के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा केंद्र का जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी एवं थानाध्यक्ष कमल भाटी ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, अनुशासन और व्यवस्थापन की स्थिति परखी तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर तुरंत समाधान किया जाएगा। इस पहल से छात्रों में आत्मविश्वास देखने को मिला।

प्रधानाचार्य प्रज्ञा सिंह ने बताया कि केंद्र पर कुल 480 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 466 ही उपस्थित रहे, जबकि 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग की गई, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। प्रशासन की सतर्कता के चलते परीक्षा के दौरान कहीं से भी अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं मिली।

Related Articles

Back to top button