जन्माष्टमी पर वृंदावन बना राजनगर का इस्कॉन मंदिर

गाजियाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर भक्ति, आस्था और भव्यता के रंग में सराबोर नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस बार जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर को विशेष रूप से वृंदावन की थीम पर सजाया गया है। श्रद्धालुओं को वृंदावन धाम के पवित्र निकुंज का अनुभव कराने के लिए विशेष रूप से ‘राधे श्याम निकुंज’ तैयार किया गया है। मंदिर की भव्य सजावट में करीब 9 से 10 टन फूलों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं मुख्य मंदिर को सजाने में ही एक टन से अधिक फूल लगाए गए हैं।

मंदिर की सजावट के लिए देश के विभिन्न राज्यों के अलावा इटली और हॉलैंड (नीदरलैंड्स) से भी विशेष फूल मंगाए गए हैं। रंग-बिरंगे फूलों की आकर्षक सजावट और उनकी मनमोहक खुशबू से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय एवं आकर्षक नजर आया।

मंदिर के महंत प्रभु जी एवं अध्यक्ष आदिकर्ता दास ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर करीब चार लाख श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा मंदिर के स्वयंसेवक और कार्यकर्ता भी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहे।

राधा के रूप में नजर आईं महिलाएं

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति का अनूठा रंग देखने को मिला। महिलाएं राधा का रूप धारण कर भक्ति में झूमती और नृत्य करती नजर आईं। भजनों और कृष्ण भक्ति के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा भी इस्कॉन मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर की भव्य सजावट की सराहना की और कहा कि वह हर वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर यहां दर्शन करने का प्रयास करते हैं।

जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में फूलों की भव्य सजावट, वृंदावन की झलक, कृष्ण भक्ति और श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button