वन्यजीवों की रक्षा हर नागरिक का दायित्व: आरती
भाषण प्रतियोगिता में स्वाति प्रथम,शिवाजी द्वितीय और जिनेश रहे तृतीय

जसवंतनगर,इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में वन्यजीव संरक्षण एवं पशु क्रूरता की रोकथाम विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रजत सिंह जैन के निर्देश पर किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता विषय पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में कुमारी स्वाति ने प्रथम, शिवाजी सिंह चौहान ने द्वितीय और जिनेश जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी आरती द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वन्यजीव संरक्षण और पशु क्रूरता की रोकथाम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने गौरैया संरक्षण तथा पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए बनाई गई चेन के संबंध में भी विद्यार्थियों को बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने के साथ बच्चों को समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए। प्रकृति, वन्यजीवों और पशु-पक्षियों की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में तहसीलदार अभिजीत गौरव, प्रधानाचार्य संजीव कुमार, अधिकार मित्र ऋषभ पाठक, श्याम सुंदर, नीरजा, अभिषेक, स्नेह दीप, रामसुंदर, शिवदीप, श्याम तिवारी, राधा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, पशु क्रूरता की रोकथाम और कानूनी जागरूकता का संदेश दिया गया।



