एचआईवी-एड्स जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पीएलवी ऋषभ पाठक के संयोजन में निलोई गाँव के आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं,आशा कार्यकत्री और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में पीएलवी ऋषभ पाठक ने उपस्थित लोगों को एचआईवी/एड्स से जुड़े मिथकों और वास्तविकताओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि लोग अपने लम्बित विवादों को बिना किसी शुल्क के सुलह के माध्यम से निस्तारित करा सकते हैं। उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, न्याय मार्ग एप,तथा विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता सुविधाओं की जानकारी भी साझा की।
बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने असहाय,अनाथ बच्चों के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना,स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चे इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता,शिक्षा सहयोग तथा पुनर्वास सुविधाएँ प्राप्त कर सकते हैं।
सीएचओ पूनम यादव ने एचआईवी/एड्स के संक्रमण के तरीके, लक्षण,जांच प्रक्रिया और उपचार उपलब्धता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि समय पर जांच और नियमित उपचार के माध्यम से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने महिलाओं से सुरक्षित मातृत्व, टीकाकरण एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की भी अपील की।
कैस्त गाँव के आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र पर पीएलवी नीरज के संयोजन में एचआईवी/एड्स जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर केंद्र प्रभारी अजीत कुमार ने एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, सुरक्षित व्यवहार,जांच केंद्रों की उपलब्धता एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीणों को निःशुल्क जांच,परामर्श और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पीएलवी लालमन बाथम व रामसुंदर दुबे के संयोजन में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने एचआईवी/एड्स की रोकथाम, उपचार एवं बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्त्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सवाल रखे तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।



