नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति, आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

नोएडा। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन ने मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का दौरा किया। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में हुए इस दौरे के दौरान आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं आईआईडीसी दीपक कुमार तथा इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद ने राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
राष्ट्रपति परमेलिन के साथ करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आया था। इसमें उनकी पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और करीब 40 उद्योगपति शामिल रहे। दौरे का मुख्य उद्देश्य स्विस कंपनी द्वारा विकसित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं को बढ़ाना रहा।
दौरे की शुरुआत एनआईए ऑफिस से हुई। अवनी बोर्ड रूम में एयरपोर्ट को लेकर प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसके बाद राष्ट्रपति परमेलिन ने भी प्रतिनिधिमंडल को संबोधित किया। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत के बीच लंच का आयोजन किया गया। लंच और ग्रुप फोटो के बाद प्रतिनिधिमंडल दो हिस्सों में बंट गया।
राष्ट्रपति परमेलिन, उनकी पत्नी और चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड और एटीसी टावर का विशेष निरीक्षण किया। वहीं प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। दोनों दल दोपहर करीब दो बजे एयरपोर्ट से रवाना हो गए।



