डायवर्जन मार्ग पर गड्ढे: जाम में फंसे वाहन
मलाजनी मोड़ के पास बदहाल सड़क से निकलना मुश्किल

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते बनाए गए डायवर्जन मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। मलाजनी मोड़ के पास सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को निकलने में खासी परेशानी हो रही है। भारी वाहनों के गुजरने पर गड्ढों में वाहन फंसने से यातायात प्रभावित हो रहा है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के चलते मुख्य मार्ग से वाहनों को डायवर्ट किया गया था। लगातार भारी वाहनों के आवागमन से डायवर्जन मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन रेंगकर निकल रहे हैं। कई बार वाहन फंसने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
मलाजनी निवासी उमेश चंद्र, सत्य प्रकाश, कैलाश,चंद्रभान, मंसाराम,अवनीश, वीरवार और चंद्र प्रकाश आदि ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने की शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क का सबसे ज्यादा खामियाजा दोपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं भारी वाहनों के निकलने पर जाम लगने से राहगीरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और हाईवे प्रशासन से डायवर्जन मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि यातायात सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके।



