चलती ट्रेन से गिरकर यात्री हुआ घायल

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर राजपुर गांव के समीप एक 22 वर्षीय युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक नई दिल्ली से मुजफ्फरनगर जा रहा था, तभी चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।

घायल युवक की पहचान रूपेश के रूप में हुई है, जो 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। ट्रेन में झटका लगने के कारण वह नीचे गिर गया। गंभीर चोटों के बावजूद, रूपेश ने हिम्मत जुटाकर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम में हड़कंप मच गया। तुरंत बलरई स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ इटावा को घटना की जानकारी दी गई। इसी बीच, राजपुर गांव निवासी सौरभ दुबे को भी घटना का पता चला, जिन्होंने तत्काल थाना जसवंतनगर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को सूचित किया। कुछ ही देर में आरपीएफ कांस्टेबल सुधीश बाबू और खेमराज मीना सिविल पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल रूपेश को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने रूपेश की गंभीर हालत को देखते हुए सैफई पीजीआई के लिए रैफर कर दिया है।

Related Articles

Back to top button