दिनदहाड़े सड़कों पर फर्राटा भर रहे ओवरलोड मोरंग डंपर
खनन माफिया बेखौफ, सिस्टम मौन क्यों

इटावा जनपद में खनन माफिया पूरी तरह बेलगाम नजर आ रहा है। दिनदहाड़े ओवरलोड मोरंग से भरे ट्रक,डंपर और मिट्टी भरे ट्रैक्टर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं और जिम्मेदार महकमा मूकदर्शक बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि बिना रॉयल्टी मोरंग ढोने वाले ट्रक धड़ल्ले से पास हो रहे हैं, मानो कानून नाम की कोई चीज़ रह ही नहीं गई हो।
सूत्रों के अनुसार खनन विभाग के संरक्षण में अवैध खनन का यह खेल खुलेआम खेला जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर ओवरलोड ट्रक,डंपर,और ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे न केवल राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है बल्कि आम जनता की जान भी खतरे में बनी हुई है।
मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब एआरटीओ ने मोरंग लदे एक ट्रक,डंपर को हिरासत में लेकर भरथना थाने के बाहर खड़ा करा दिया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के बावजूद खनन अधिकारी ने बिना रॉयल्टी के उस ट्रक,डंपर को कार्रवाई किए बिना ही छोड़ दिया। ट्रक,डंपर कई घंटों तक थाने के बाहर खड़ा रहा,मगर किसी ठोस कार्रवाई की हिम्मत किसी ने नहीं जुटाई।
इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसके संरक्षण में खनन माफिया फल-फूल रहा है? क्या नियम केवल कागज़ों तक सीमित रह गए हैं? प्रशासनिक चुप्पी को लेकर जनता में भारी रोष व्याप्त है और जल्द ही बड़े खुलासे की आशंका जताई जा रही है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी नींद से जागते हैं या फिर मोरंग माफिया इसी तरह सिस्टम को ठेंगा दिखाता रहेगा।



