एनटीपीसी ऊँचाहार में नए परियोजना प्रमुख ने सम्भाला कार्यभार

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार में बिश्व मोहन सिंह ने नए परियोजना प्रमुख के रूप मे कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करते ही वरिष्ठ अधिकारियों, विभाग प्रमुखों के साथ परिचय प्राप्त किया तथा ऊँचाहार परियोजना की कार्य प्रणाली की जानकारी ली। कार्यभार ग्रहण करने के दिन ही सिंह ने बालिका सशक्तिकरण की शीतकालीन कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और प्रतिभागी बालिकाओं के उज्जवल भविष्य को संवारने के लिए चलाए जा रहे अभियान हेतु सी एस आर टीम की सराहना की।

नवागत परियोजना प्रमुख सिंह को विद्युत उत्पादन प्रणाली की गहन तकनीकी विशेषज्ञता हासिल है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री किए हुए सिंह का पावर जनरेशन में व्यापक अनुभव है। ऊंचाहार परियोजना प्रमुख बनने के पहले सिंह एनटीपीसी दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) के परियोजना प्रमुख थे। बिश्व मोहन सिंह ने एनटीपीसी मुख्यालय के साथ साथ एनटीपीसी के फरक्का, तालचेर, कोल माइनिंग, ज्वाइंट वेंचर सहित पावर मैकेनिज्म के विभिन्न कार्यक्षेत्रों में काम कर चुके हैं।

सिंह के ऊँचाहार परियोजना प्रमुख की पारी शुरू करने पर सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सफलता के लिए शुभ कामनाएं दी हैं। बिश्व मोहन सिंह ने आशा व्यक्त किया है कि ऊँचाहार टीम के साथ मिलजुल कर परियोजना की शीर्षता को बनाए रखने में सफल रहेंगे।

————————–‐———-

एनटीपीसी ऊँचाहार में बालिका सशक्तिकरण अभियान की शीतकालीन कार्यशाला आरंभ

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार में डीएवी ऑडिटोरियम में आज GEM यानि बालिका सशक्तीकरण अभियान की शीतकालीन कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताहभर चलने वाला कार्यक्रम बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास तथा आत्मविश्वास निर्माण के माध्यम से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बिश्व मोहन सिंह, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी ऊँचाहार रहे। इस अवसर पर महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण), महाप्रबंधक (संचालन), महाप्रबंधक (अनुरक्षण), मानव संसाधन प्रमुख, सभी विभागाध्यक्ष प्रियदर्शिनी लेडिज क्लब के वरिष्ठ सदस्य तथा यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।

यह शीतकालीन कार्यशाला जून 2025 में आयोजित बालिका सशक्तीकरण अभियान की निरंतरता है, जिसके तहत एनटीपीसी ऊँचाहार के आसपास के गांवों की 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की 120 बालिकाओं को पठन-पाठन, लेखन, गणित के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों, कराटे एवं ध्यान का प्रशिक्षण दिया गया था। यह कार्यशाला एक पुनरावृत्ति कार्यक्रम के रूप में बालिकाओं की सीख को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं समग्र विकास को और प्रोत्साहित करने का प्रयास है।

उद्घाटन समारोह ने आगामी दिनों के लिए एक प्रेरणादायक वातावरण सृजित किया है, जिससे इन बालिकाओं का मनोबल और आत्मविश्वास बना रहेगा। ऐसे प्रयासों से एनटीपीसी ऊंचाहार न केवल बेटियों के भविष्य को संवार रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ कर रहा है।

Related Articles

Back to top button