कैला भट्टा में नगर निगम की लापरवाही, सड़क के बीच खुला गड्ढा बना हादसों का खतरा

गाजियाबाद। कैला भट्टा चौक स्थित मुख्तार होटल के पास नगर निगम की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। सड़क के बीचों-बीच बने खुले गड्ढे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इस गड्ढे की चपेट में आकर कई वाहनों को नुकसान भी पहुंच चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के बीचों-बीच बना यह गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरते समय दुर्घटना का डर बना रहता है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से गड्ढे को ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढे की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को होने से रोका जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।



