जाम में फंसे सांसद: कार छोड़ लम्बा चलना पड़ा पैदल
जाम के कारण कार्यक्रम में देरी से पहुंचे

बकेवर,इटावा। भरथना तहसील क्षेत्र के कस्बा बकेवर में शनिवार को लगा भीषण जाम आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी परेशानी का कारण बन गया। समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र दोहरे की गाड़ी भी जाम में बुरी तरह फंस गई, जिसके बाद उन्हें मजबूर होकर लगभग एक किलोमीटर पैदल दौड़कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना पड़ा।
सांसद भरथना रोड स्थित बकेवर में नव निर्मित यात्री प्रतीक्षालय का उद्घाटन करने जा रहे थे। कार्यकर्ता और स्थानीय नेता कई घंटों से सांसद के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे, परंतु नेशनल हाईवे पुल के नीचे, लखना-बकेवर मार्ग और भरथना मार्ग पर लगे भारी जाम के कारण उनका काफिला इटावा से आते समय आगे नहीं बढ़ सका।
स्थिति बिगड़ने पर सांसद जितेंद्र दोहरे ने सुरक्षा कर्मियों के साथ वाहन छोड़कर पैदल ही कार्यक्रम स्थल की ओर रुख किया। लोगों ने बताया कि सांसद ने तेज कदमों से करीब एक किलोमीटर का रास्ता तय किया। उनके पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सांसद ने यात्री प्रतीक्षालय का फीता काटकर शुभारंभ किया।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में निर्माण कार्यों, भारी वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन के चलते आए दिन जाम लगता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
उद्घाटन के दौरान सांसद ने कहा कि इस यात्री प्रतीक्षालय से आम लोगों को राहत मिलेगी और वह जल्द ही संबंधित विभागों से बातचीत कर जाम की समस्या का समाधान करवाएंगे।



