मिशन शक्ति: मतभेद भुलाकर फिर एक हुए चार परिवार
परिवार परामर्श केंद्र की काउंसिलिंग से बदले विरोध के हालात,पुनःसाथ रहने का लिया संकल्प

जसवंतनगर,इटावा। आपसी मतभेद के रिश्तों में आई दरार को परिवार परामर्श केंद्र की पहल ने पाट दिया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत परिवार परामर्श केंद्र और मिशन शक्ति टीम ने ऐसे चार परिवारों को दोबारा काउंसिलिंग के लिए बुलाया,जिनमें पहले समझौता कराया गया था। काउंसिलिंग के दौरान परिवारों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर फिर साथ रहने और हंसी-खुशी जीवन बिताने का संकल्प लिया।
परिवारों के बीच सहमति बनने के बाद मिशन शक्ति टीम ने सभी चार परिवारों को शील्ड देकर सम्मानित किया। साथ ही स्वल्पाहार कराकर उनके नए जीवन की शुरुआत को प्रोत्साहित किया गया। इस पहल से परिवारों के सदस्यों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, कांस्टेबल अवनीश कुमार,महिला आरक्षी विनीता शिवहरे और कुमारी संगम मौजूद रहीं। टीम ने परिवारों को समझाया कि आपसी बातचीत,विश्वास और सहयोग से बड़ी से बड़ी गलतफहमी को दूर किया जा सकता है। छोटी-छोटी बातों को लेकर रिश्तों में दूरी बनाने के बजाय एक-दूसरे की भावनाओं को समझने की जरूरत है।
सम्मानित परिवारों ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद उनके बीच काफी बदलाव आया है। अब वे पुराने विवादों को पीछे छोड़कर मिल-जुलकर रह रहे हैं। परिवारों ने इस पहल के लिए परिवार परामर्श केंद्र और मिशन शक्ति टीम का आभार जताया।



