सेंफई में एमबीबीएस छात्रों को पहनाया व्हाइट कोट

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में एमबीबीएस 2026 बैच के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित व्हाइट कोट समारोह में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने अपने कर-कमलों से विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर चिकित्सा क्षेत्र में उनके नए सफर की शुरुआत की।
समारोह में कुलपति ने विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कोई भी विद्यार्थी किसी से कमजोर नहीं है। विद्यार्थियों को किसी भी ऐसे बाहरी दबाव से भयभीत नहीं होना चाहिए,जो राष्ट्र,समाज एवं कानून के हित में न हो। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विवेक से निर्णय लेने,स्वतंत्र सोच विकसित करने तथा मानसिक दबाव का दृढ़ता से सामना करने के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. डॉ.अजय सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र,समाज,कानून एवं चिकित्सा धर्म के प्रति निष्ठावान रहने का संदेश दिया।
कुलपति ने विद्यार्थियों से जीवन में धूम्रपान,नशा एवं अन्य सभी बुराइयों से दूर रहने और इनके प्रति दृढ़ता से ‘न’ कहने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे किसी भी गैरकानूनी अथवा अनुचित गतिविधि के लिए कभी सहमति न दें तथा अपनी सहज समझ एवं अंतर्मन की आवाज पर विश्वास रखें।
उन्होंने विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग समिति को विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रैगिंग जैसी सामाजिक बुराई को किसी भी परिस्थिति में विश्वविद्यालय में पनपने नहीं देना चाहिए।
कुलपति ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल एक व्यवसाय नहीं,बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने निर्णय स्वयं लेने,अपनी सोच विकसित करने तथा सदैव अपने चिकित्सा धर्म और मरीजों के प्रति निष्ठावान बने रहने का संकल्प लेना चाहिए।
समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों,सामाजिक जिम्मेदारी,अनुशासन एवं मानवीय संवेदनाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो.डॉ.आदेश कुमार, संकायाध्यक्ष प्रो.डॉ.उषा शुक्ला,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो.डॉ.एस.पी. सिंह,चिकित्सा अधीक्षक अमित सिंह,इंचार्ज मेडिकल एजुकेशन यूनिट प्रो.डॉ.रवि रंजन,डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो.डॉ. कीर्ति जायसवाल एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



