LPG crisis news: बाहर खाना भूल जाइए, देश के आधे रेस्टोरेंट्स पर आई ताला लगने की नौबत

LPG crisis news: व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी ने देश के कई बड़े शहरों में होटल और रेस्तरां उद्योग को मुश्किल में डाल दिया है। इस समस्या का सीधा असर आम लोगों पर भी पड़ सकता है क्योंकि भारी तादाद में भोजनालय अपनी रसोई चलाने के लिए इन्हीं सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं।

मुंबई में होटल उद्योग से जुड़े संगठन आहार के अनुसार गैस सप्लाई में आई बाधा के चलते शहर के लगभग 20 प्रतिशत होटल फिलहाल बंद हो चुके हैं। संगठन ने आशंका जताई है कि अगर स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो अगले दो से तीन दिनों में लगभग 50 प्रतिशत तक होटल संचालन बंद कर सकते हैं।

होटल खुलेंगे या बंद होंगे, ये गैस स्टॉक पर निर्भर

आहार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी प्रतिष्ठानों को बंद करने का कोई सामूहिक फैसला नहीं लिया गया है। हर होटल या रेस्तरां अपनी स्थिति के अनुसार निर्णय लेगा।

संगठन के मुताबिक किसी भी होटल के खुले रहने की अवधि इस बात पर निर्भर करेगी कि उसके पास एलपीजी का कितना स्टॉक मौजूद है। जिन प्रतिष्ठानों के पास गैस का भंडार कम है उन्हें जल्द ही रसोई संचालन रोकना पड़ सकता है।

नागरिक आपूर्ति मंत्री से उद्योग प्रतिनिधियों की मुलाकात

आहार के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने बताया कि संगठन के प्रतिनिधियों ने इस समस्या को लेकर नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल से मुलाकात की है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण होटल और रेस्तरां संचालकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विश्व युद्ध की आहट और आपकी रसोई पर हमला, जानें कैसे ट्रंप के एक फैसले ने बिगाड़ा आपका बजट

उन्होंने कहा कि मंत्री ने बाद में फोन के माध्यम से भी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उद्योग की मौजूदा चुनौतियों और कई प्रतिष्ठानों के बंद होने की संभावना पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे और मुख्यमंत्री सहित अन्य विभागों से विचार-विमर्श के बाद जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे।

Related Articles

Back to top button