लोको पायलट ने बचाई वृद्ध की जान
जान देने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर बैठा था वृद्ध

भरथना,इटावा। भरथना रेलवे क्रॉसिंग के समीप शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 74 वर्षीय वृद्ध जान देने के इरादे से रेलवे ट्रैक के बीच बैठ गए। इसी दौरान इटावा की ओर जा रही गोमती एक्सप्रेस के चालक और केबिनमैन की तत्परता से वृद्ध की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार औरैया जनपद के अन्नंतराम क्षेत्र के मोहारी गाँव निवासी राम स्वरूप करीब दो माह से अपनी नातिन राजकुमारी के घर दोना की मड़ैया, बैबाह में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह भरथना रेलवे क्रॉसिंग के समीप पोल संख्या 1136/13 के पास रेलवे ट्रैक के बीच बैठ गए।
बताया गया कि इसी दौरान इटावा की ओर जा रही गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय करीब सुबह 9:30 बजे वहां पहुंची। ट्रैक पर वृद्ध को बैठा देख ट्रेन के चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया। केबिनमैन और चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
ट्रेन करीब पांच मिनट तक रुकी रही और सुबह करीब 9:35 बजे रवाना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया।
बताया गया कि राम स्वरूप के दो बेटे हैं, जिनमें एक हैदराबाद और दूसरा जोधपुर में निजी नौकरी करता है। वृद्ध बेटों द्वारा उसका ख्याल ना रखे जाने से नाराज होकर जान देने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर पहुंचा था वृद्ध का कहना था कि उसके बेटे उसका ख्याल नही रखते है उसकी पत्नी का करीब 30 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। समय रहते ट्रेन रुक जाने से वृद्ध सुरक्षित बच गए। जीआरपी ने समझा बुझाकर वृद्ध को घर भेजा!



