अकीदत व एहतराम के साथ निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी

महराजगंज, रायबरेली। बरावफात के मुबारक मौके पर बुधवार को कस्बे में जुलूस-ए-मोहम्मदी बड़ी अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी तादाद में अकीदतमंद शामिल हुए।
जगह-जगह लोगों ने जुलूस का इस्तकबाल करते हुए फूलों की बारिश की और शिरकत करने वालों के लिए पानी व शरबत का इंतजाम किया।
जुलूस निर्धारित रास्तों चंदापुर चौराहा, घसमंडी चौराहा, अतरेहता रोड, हैदरगढ़ मार्ग, बछरावा मार्ग, रंधावा रोड से होता हुआ आगे बढ़ा। इस दौरान नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम की सदाओं से पूरा माहौल रूहानी नजर आया। अकीदतमंदों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की सीरत और पैगाम को याद करते हुए अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।
जुलूस में शामिल लोगों ने नारे-ए-तकबीर—अल्लाहु अकबर और नारे-ए-रिसालत—या रसूलल्लाह के नारे लगाए। बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया। जुलूस में पहुंचें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद ने पूरी इंसानियत को मोहब्बत, रहम, सब्र, इंसाफ और भाईचारे का पैगाम दिया। उनकी तालीमात पर अमल करना ही सच्ची अकीदत है।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस के संपन्न होने पर आयोजकों ने प्रशासन, पुलिस और कस्बेवासियों का शुक्रिया अदा किया। मौके पर हाज़ी जियाउल हक, असगर मदारी, आसिफ कुरैशी, लाला मनिहार, अली अमजद, मुस्ताक सभासद, शकील गाँधी, पप्पन, इरशाद सहित सैकड़ो मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।



