आध्यात्मिक मूल्यों का होना अत्यंत आवश्यक : सुनील आंबेकर

सुलतानपुरl तिकोनिया पार्क मंगलवार को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सुनील आम्बेकर ने मंगलवार को स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत जब आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रगति कर रहा है, तब आध्यात्मिक मूल्यों का होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा, “आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमारा देश जब आर्थिक स्थिति में आगे बढ़ रहा है और जीवन के हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, तब उसे आध्यात्मिकता की भी उतनी ही जरूरत है। हर व्यक्ति को देश के बारे में सोचने की उतनी ही जरूरत है। विवेकानंद जी के जीवन का यह संदेश प्रसारित करने की दृष्टि से आज इस प्रतिमा का अनावरण हुआ है।”
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वामी विवेकानंद का जीवन संघर्षों से भरा रहा और उनके आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया।
यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद के ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ के संदेश को आत्मसात करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, भाजपा नेता आलोक कुमार आर्या और डॉ. एके सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



