27 साल बाद कुंवर ख़ुस्वक्त राय स्कूल के पूर्व छात्रों का ऑनलाइन पुनर्मिलन

परवेज आलम संवाददाता
लखीमपुर खीरी। कुंवर ख़ुस्वक्त राय स्कूल से सत्र 1998-99 में उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं ने 27 वर्षों बाद 1 फ़रवरी 2026 को ऑनलाइन पुनर्मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर देश-विदेश से जुड़े पूर्व छात्रों ने सहभागिता की और वर्षों बाद एक-दूसरे को देखकर भावुक हो उठे। इस वर्चुअल पुनर्मिलन में लखीमपुर, लखनऊ, सफ़ेदाबाद, नासिक, कानपुर, काशीपुर, दिल्ली, नोएडा के साथ-साथ अमेरिका और ब्रिटेन से भी मित्र जुड़े। सभी ने अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं और आपसी रिश्तों को फिर से जीवंत किया।
पुनर्मिलन की तैयारियाँ लगभग एक माह पूर्व निहारिका और विशाल के प्रयासों से प्रारंभ हुई थीं। इसके लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया, जिसमें ‘ईच वन, खींच वन’ के माध्यम से पुराने साथियों को जोड़ा गया। देखते ही देखते ग्रुप में 150 से अधिक सदस्य जुड़ गए।
कार्यक्रम की शुरुआत आपसी परिचय से हुई, जिसमें सभी ने अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। शिखा नोएडा में वेलनेस कोच हैं, रितिका डिप्टी कमिश्नर (इंडस्ट्री) के पद पर कार्यरत हैं, गरिमा सीतापुर में बच्चों को बेहतर शिक्षा दे रही हैं, जबकि सौम्या का स्वयं का स्कूल है। सौरभ आईडीबीआई बैंक, अनुज आईसीआईसीआई बैंक, प्रियंक व सुयश बैंक ऑफ बड़ौदा तथा अर्पित एक्सिस बैंक में सेवाएं दे रहे हैं।
हरविंदर जिले में प्रसिद्ध छोले-भटूरे का रेस्टोरेंट संचालित करते हैं। प्रेसिका उत्तराखंड में व्यवसाय कर रही हैं और अर्चना तिकुनिया में अपना व्यापार संभाल रही हैं।
कार्यक्रम में अमेरिका से मोनिका, ब्रिटेन से मेघना तथा लखीमपुर से प्रियंका, खुशबू, ऋचा, विशाख, मयंक, अभिषेक, अनुज गुप्ता, सनी गोयल सहित 50 से अधिक पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। सभी ने अपने स्कूल जीवन के रोचक किस्से साझा किए और मेहरोत्रा दीदी, रस्तोगी दीदी, संध्या दीदी, पूनम दीदी, दिनेश दीदी, नीलम दीदी, भारती दीदी सहित अन्य शिक्षिकाओं को स्नेहपूर्वक याद किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने आगामी मई या जून माह में आमने-सामने पुनर्मिलन आयोजित करने पर सहमति जताई और इस आयोजन को और भव्य बनाने का संकल्प लिया।



