IPL 2024: रणनीति नहीं नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे धोनी, वजह जानकर करेंगे सलाम

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल

IPL 2024: रणनीति नहीं नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे धोनी, वजह जानकर करेंगे सलाम

पंजाब किंग्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। इस कारण धोनी की काफी आलोचना हुई थी।

धर्मशाला में रविवार को खेले गए मैच में चेन्नई के पारी के 16 ओवर पूरे होने के बाद सीएसके ने छह विकेट पर 122 रन बनाए थे और सभी को उम्मीद थी कि अब बल्लेबाजी के लिए धोनी उतरेंगे,

लेकिन उनकी जगह शार्दुल ठाकुर मैदान पर उतरे जिससे सभी लोग अचरज में पड़ गए थे। माना जा रहा था कि इसके पीछे भी धोनी की कोई रणनीति होगी, लेकिन अब खबर आ रही है कि धोनी पैर में चोट के बावजूद खेल रहे हैं और इसी कारण वह निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।
हरभजन-इरफान ने की थी धोनी की आलोचना
धोनी के निचले क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आने पर पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह और पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने उनकी आलोचना की थी। हरभजन ने यहां तक कहा था कि अगर धोनी ऐसे महत्वपूर्ण समय में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरना चाहते हैं तो उन्हें खुद को टीम से बाहर रखकर एक अतिरिक्त गेंदबाज को खिलाना चाहिए।

वहीं, इरफान ने भी धोनी की आलोचना करते हुए कहा था कि धोनी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरना चाहिए।
पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं धोनी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीएसके के सूत्रों ने बताया कि धोनी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं और उन्होंने पूरा आईपीएल सीजन दर्द सहते हुए ही खेला है।

यही कारण था कि वह पंजाब किंग्स के खिलाफ निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। धोनी को इस वर्ष ही चोट लगी थी और टीम के दूसरे विकेटकीपर डेवोन कॉन्वे चोटिल होने के कारण बाहर हो गए थे, अगर कॉन्वे उपलब्ध रहते तो धोनी खुद को आराम देने के बारे में सोच सकते थे।

हालांकि, हालात ही ऐसे बने हुए हैं कि धोनी को दर्द के बावजूद मैदान पर उतरना पड़ रहा है। धोनी दवाई ले रहे हैं और कम से कम दौड़ने की कोशिश करते हैं। धोनी को डॉक्टरों ने भी आराम करने की सलाह दी है,

लेकिन इस विकेटकीपर बल्लेबाज के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं है क्योंकि सीएसके की टीम पहले से ही खिलाड़ियों की चोट की समस्या से जूझ रही है।
‘आलोचना करने वाले नहीं जानते धोनी का त्याग’
इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र ने कहा, ‘हम पहले से ही अपनी बी टीम के साथ खेल रहे हैं। जो लोग धोनी की आलोचना कर रहे हैं वे उनके त्याग के बारे में नहीं जानते हैं।’

मालूम हो कि धोनी पिछले सीजन घुटने की चोट के साथ खेले थे और चेन्नई के आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने सर्जरी कराई थी।

Related Articles

Back to top button