तहसीलदार की जांच में खुली नगर पंचायत की पोल, लोगों को सप्लाई किया जा रहा दूषित पानी

राजेश मिश्र – संवाददाता स्टार एक्सप्रेस

महराजगंज, रायबरेली। जनता की शिकायत को झूठ बताने वाली नगर पंचायत की असलियत उस समय सामने आई जब संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की बाद तहसीलदार स्वयं कस्बे के पैग़म्बर नगर वार्ड में दूषित पेयजल आने की बार-बार शिकायत के बाद जांच करने पहुंची। तहसीलदार नें मौके पर पहुंच कर वार्ड के लोगो से बात की जिस पर मोहल्लेवासियों नें बोतलों तथा बाल्टीयो में भरे गंदे एवं दूषित पानी को दिखाया।

बताते चले की कस्बे के वार्ड आठ पैग़म्बर नगर में पिछले दो माह से बदबूदार दूषित पानी आ रहा जिसकी शिकायत मोहल्ले एवं कस्बे के लोगो द्वारा डीएम सहित आईजीआरएस पोर्टल पर की गयी किन्तु कुम्भकरणी नींद में सो रहे नगर पंचायत के जिम्मेदारो द्वारा दूषित एवं गंदे पानी को नई बोरिंग के चलते बालू आने की समस्या में तब्दील कर प्रकरण से इतिश्री कर ली।

प्रकरण में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुचे प्रियतेश वैश्य, प्रिंसु वैश्य, मोहित वर्मा एवं मो मुर्तजा नें शिकायती पत्र देते हुए बताया की दूषित पानी आने की बार बार शिकायत के बावजूद जनमानस के स्वास्थ्य से जुड़े विषय का समाधान झूठी एवं भ्रामक रिपोर्ट लगा नगर पंचाचय द्वारा पटाक्षेप किया जा रहा। मौके पर शिकायतकर्ताओ द्वारा फोटो तथा गंदे पानी आने की वीडिओ भी दिखाई गयी। मामले की तहकीकात को तहसीलदार मञ्जुला मिश्रा द्वारा पैग़म्बर नगर वार्ड के लोगो के घरो में पहुंच पानी की जांच की गयी जिसमे शिकायत सही मिली।

लगातार दो माह से हो रही गंदे पानी की सप्लाई, लोगों में आक्रोश

पैग़म्बर नगर वार्ड में दो माह से लगातार दूषित एवं गंदा पानी आने के शिकायत होने के बावजूद ईओ राम आशीष वर्मा एवं चेयरमैन सरला साहू द्वारा मौके तक जाने की जहमत तक न करने से मोहल्ले में आक्रोश व्याप्त है। लोगो में चर्चा है की पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ सफाई यही तीन मुख्य व्यवस्थाओ के संचालन को बनाई गयी नगर पंचायत मात्र कागजो में ही आदर्श नजर आ रही।

जांच के नाम पर हो रही महज खानापूर्ति

मोहल्ले एवं कस्बेवासियों द्वारा लगातार गंदा पानी आने की शिकायत पर नगर पंचायत के हाकिमो द्वारा खानापूर्ति कर आउटसोर्सिंग कर्मी आनंद कुमार एवं चपरासी भारत लाल को दसो वार्डो में बिना किसी यंत्र के पानी की जांच का जिम्मा सौपा गया। जिस पर 2 करोड़ की लागत वाली मुख्यमंत्री पेयजल योजना की जांच आउटसोर्सिंग कर्मी से कराने की जानकारी पर लोग अपना सिर खुजाते नजर आ रहे।

——‐——————————–

जन शिकायतों का स्थानीय स्तर पर हो समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : हर्षिता माथुर

ऊँचाहार, रायबरेली। समाधान दिवस में आने वाली जन-शिकायतों के निस्तारण के प्रति जिम्मेदार अधिकारी गंभीर हो ऐसे आयोजनों का आशय आम जनता को त्वरित राहत देना है , यदि ऐसा नहीं हो पा रहा है तो आपको आत्मचिंतन की जरूरत है । यह विचार शनिवार को जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान आई शिकायतों के निस्तारण के दौरान कही।

जन शिकायतों

उन्होंने कहा कि एक शिकायत का बार बार आना यह साबित करता है कि आप शिकायतों के निस्तारण के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है जिसके क्रम में तहसील व थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें स्थानीय नागरिक उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते है।

डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी जनता की इन शिकायतों का निस्तारण त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से एक सप्ताह में कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि कोई समस्या है तो उसका कारण स्पष्ट करते हुए अवगत कराना सुनिश्चित किया जाये।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग 42, पुलिस 11, विद्युत 05, समाज कल्याण 04, पूर्ति विभाग 08 कुल 70 प्रकरण प्राप्त हुए, जिसमें से 10 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को इस निर्देश के साथ उपलब्ध करा दिये गये कि उनका निस्तारण एक सप्ताह में कराना सुनिश्चित कराए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ० यशवीर सिंह , मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० नवीन चंद्रा, तहसीलदार ऊंचाहार आकांक्षा दीक्षित, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित संबंधित अधिकार व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button