एक के बाद एक सड़क हादसों में पांच घायल

तहसील कट पर बाइक ने साइकिल सवार वन विभाग के बाबू को मारी टक्कर

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मॉडल तहसील कट पर लगातार हो रहे हादसों का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गए। पहली घटना में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार वन विभाग के बाबू को टक्कर मार दी, जबकि दूसरी घटना में दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए।

पहली घटना मॉडल तहसील कट के पास सोमवार शाम नगला नरिया निवासी 28 वर्षीय पिंटू पुत्र हरिराम बाइक से नगला नरिया से सुल्तानपुर जा रहे थे। बाइक पर उनके साढ़ू का 13 वर्षीय पुत्र सूरज पुत्र सतीश कुमार समेत एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। तहसील के आगे बाइक की साइकिल सवार वन विभाग के बाबू से टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक पर सवार तीसरा व्यक्ति मौके से भाग गया।

बताया गया कि जसवंतनगर वन विभाग में बाबू के पद पर तैनात 56 वर्षीय रामशंकर पुत्र गंगा सिंह ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से अपने गांव राजा का बाग लौट रहे थे। तहसील कट के पास उनकी साइकिल असंतुलित हो गई। इसी दौरान पीछे से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार पिंटू और वन विभाग के बाबू रामशंकर घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पिंटू को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया,जबकि रामशंकर का उपचार जारी है। घायल बालक सूरज की स्थिति के संबंध में तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

सैफई मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत

दूसरी घटना सैफई मार्ग पर नगला नरिया मोड़ के पास हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में पाठकपुरा निवासी सनी पुत्र महेश कुमार और नगला किशोरी, सैफई निवासी नितेश घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी जसवंतनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

हादसों पर अंकुश लगाने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि मॉडल तहसील के सामने हाईवे कट और आसपास के मार्गों पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने,संकेतक लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button