पति ने पीटा: दी जान से मारने की धमकी रिपोर्ट दर्ज
पत्नी ने लगाए गम्भीर आरोप,पुलिस जांच में जुटी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम झीला निवासी सरिता देवी ने अपने पति रवि पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने बुधवार सुबह हुई इस घटना के संबंध में कोतवाली जसवंतनगर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि ग्राम झीला निवासी सरिता देवी पत्नी रवि ने अपनी तहरीर में कहा है कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे उसके पति रवि पुत्र वीरेंद्र सिंह ने घरेलू विवाद के चलते उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर पति ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना को गांव के कई लोगों ने भी देखा।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने अपने मायके पक्ष को सूचना दी, जिसके बाद उसके माता-पिता और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। इसके उपरांत महिला अपने परिजनों के साथ मायके ग्राम नया पुरा, थाना जैतपुर, जनपद आगरा चली गई।
महिला ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



