दूधेश्वर मंदिर में 14 से 17 सितंबर तक भव्य गणपति लड्डू महोत्सव, 600 किलो देसी घी से बन रहे 2100 किलो लड्डू

गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में 14 से 17 सितंबर तक भव्य दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव श्रद्धा, वैदिक परंपरा और भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक भगवान श्री गणेश मंदिर में विराजमान रहेंगे, जबकि 17 सितंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ गणपति जी को विदाई दी जाएगी।

महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज ने बताया कि 14, 15 और 16 सितंबर को भगवान गणेश का विशेष पूजन-अभिषेक, गणपति सहस्रनाम अर्चना, दूर्वा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे पूजा-अर्चना के बाद 1100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में मंदिर समिति के अध्यक्ष अनुज धर्म गर्ग, धर्माचार्य पंडित महेश चंद दास, डॉ. बीके शर्मा, सिंगर समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल एवं विजय गर्ग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

600 किलो देसी घी से तैयार हो रहे 2100 किलो लड्डू

महोत्सव से एक दिन पूर्व दिल्ली से आए कारीगरों ने लड्डुओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया। इस वर्ष 600 किलो देसी घी से करीब 2100 किलो लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज ने बताया कि यह महोत्सव वर्ष 2011 में शुरू हुआ था और वर्ष 2026 में अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

17 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

मंदिर समिति के अध्यक्ष अनुज धर्म गर्ग ने बताया कि 17 सितंबर को गणपति जी की शोभायात्रा दूधेश्वर मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा दिल्ली गेट, डासना गेट, रमते राम रोड, घंटाघर, चोपड़ा मंदिर, अग्रसेन बाजार और सिहानी गेट होते हुए मीनामल की धर्मशाला पहुंचेगी।

Related Articles

Back to top button