दो बाइकों की भिडंत में चार गंभीर घायल

दो स्थानों पर आमने सामने से बाईकों में हुई भिड़ंत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर सेंट्रल बैंक के पास तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र के इशहाकपुर निवासी रामचंद्र 20 पुत्र बर्फ सिंह व दुर्गेश 20 पुत्र राम प्रवेश के रूप में हुई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार नगर के कोठी कैस्त निवासी गौतम 20 पुत्र सुरेंद्र और दीपू 19 पुत्र सुनील भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। सर्विस रोड पर अचानक सामने से बाइक आ जाने के कारण चालक संतुलन नहीं बना सके और आमने-सामने टक्कर हो गई। रामचंद्र और दुर्गेश अपने गांव से नगर के एक मैरिज होम में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे,जबकि गौतम और दीपू नगर स्थित एक क्लब में वेटर का कार्य करने के लिए जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से सभी घायलों को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।


करंट से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, ग्रामीणों ने तिरंगे में लपेट वन विभाग को सौंपा

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के घुरहा जाखन गांव में मंगलवार शाम करीब 7 बजे करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। बताया गया कि मोर उड़ते समय विद्युत पोल और तार से टकरा गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा।

मौके पर मौजूद बच्चों व ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।सूचना पर वन विभाग को अवगत कराया गया। वन दरोगा सचिन यादव के निर्देश पर वन रक्षक ब्रह्म सिंह व डालचंद्र ने शव कब्जे में लिया। ग्रामीणों ने सम्मान स्वरूप मृत मोर को तिरंगे में लपेटकर वन विभाग को सौंपा। क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button