पेशाब में झाग आना कोई आम बात नहीं, हो सकती है ये बीमारी

Foamy Urine Causes: पेशाब के रंग और उसमें होने वाले बदलाव शरीर की सेहत के बारे में कई संकेत दे सकते हैं। कम पानी पीने पर यूरिन का रंग गहरा पीला हो सकता है। वहीं कुछ लोगों को पेशाब करते समय उसमें झाग भी नजर आता है। कभी-कभार ऐसा होना सामान्य हो सकता है। लेकिन अगर झाग बार-बार दिखाई दे रहा है तो इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है।
जाने माने हॉस्पिटल के डॉक्टर भुमेश त्यागी के मुताबिक यूरिन की जांच से शरीर में चल रही कई समस्याओं का पता लगाया जा सकता है। पेशाब के रंग या बनावट में लगातार बदलाव दिखने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
किडनी से जुड़ी परेशानी का संकेत
किडनी शरीर से अतिरिक्त पदार्थों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाती है। किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर यूरिन में प्रोटीन की मात्रा बढ़ सकती है। इसका असर पेशाब में झाग के रूप में दिखाई दे सकता है।
क्रोनिक किडनी डिजीज, ग्लोमेरुलोनेफ्राइटिस और नेफ्रोटिक सिंड्रोम जैसी स्थितियों में ऐसा हो सकता है। इसलिए लगातार झागदार पेशाब दिखाई देने पर जांच कराना जरूरी है।
UTI में भी बदल सकता है यूरिन
यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन यानी UTI होने पर पेशाब से जुड़ी कई दिक्कतें हो सकती हैं। पेशाब करते समय जलन या दर्द के साथ बार-बार यूरिन आने की समस्या हो सकती है। कुछ मामलों में पेशाब में झाग और तेज गंध भी महसूस हो सकती है।
ऐसे लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से जांच कराना बेहतर है।
डायबिटीज और हाई BP से भी संबंध
लंबे समय तक ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर का ज्यादा रहना किडनी पर असर डाल सकता है। समय के साथ किडनी पर पड़ने वाला दबाव यूरिन में प्रोटीन आने की वजह बन सकता है। इसके कारण पेशाब में झाग नजर आ सकता है।
इसी वजह से डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों को नियमित जांच और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इन दोनों को नियंत्रित रखना चाहिए।
कम पानी पीना भी हो सकता है कारण
हर बार झागदार पेशाब किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता। शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन भी यूरिन में बदलाव कर सकती है। कम पानी पीने पर पेशाब अधिक गाढ़ा हो सकता है और उसमें झाग दिखाई दे सकता है।
बाल धोने के तुरंत बाद हो जाते हैं चिपचिपे, कहीं आप भी तो नहीं कर रहीं ये 7 बड़ी और खतरनाक गलतियां
इसके अलावा शरीर में प्रोटीन की अधिकता या यूरिन में प्रोटीन का निकलना भी एक वजह हो सकती है। यूरिन में असामान्य रूप से प्रोटीन आने की स्थिति को प्रोटीन्यूरिया कहा जाता है। यह किडनी की समस्या से जुड़ी हो सकती है।
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
अगर कभी-कभार झाग दिखाई देता है और कोई दूसरा लक्षण नहीं है तो तुरंत घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन समस्या लगातार बनी रहे या इसके साथ जलन, दर्द, बदबू, बार-बार पेशाब आना जैसे लक्षण हों तो जांच कराना जरूरी है।
सिर्फ पेशाब देखकर किसी बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर की सलाह और जरूरत पड़ने पर यूरिन टेस्ट कराना महत्वपूर्ण है।



