तीन सड़क हादसों में पांच घायल, पुलिस ने घायलों को इलाज को किया सैफई रेफर

जसवंतनगर,इटावा। शुक्रवार को कस्बा और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पहला हादसा नगर स्थित सेंट्रल बैंक के समीप हुआ। गांव भगवानपुरा निवासी योगेश कुमार अपने रिश्तेदार विनोद कुमार के साथ बाइक से नगर की सब्जी मंडी से सब्जियां खरीदकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए एक ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दूसरा हादसा छिमारा मार्ग पर हुआ। मैनपुरी जिले के बरनाहल थाना क्षेत्र निवासी हसीना अपने बेटे सैफ अली के साथ बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

तीसरी घटना मंडी गेट के सामने हुई। फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव गुराऊ निवासी सूरजभान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी सीएचसी में भर्ती कराया गया,लेकिन हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

Related Articles

Back to top button