सिलेंडर में लगी आग: गृहस्वामी झुलसे

मोहल्ला वासियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जसवंतनगर,इटावा। नगर के रेलमंडी मोहल्ले में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी झुलस गए। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया,जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हनुमान मंदिर के पास स्थित राजेश शर्मा पुत्र मन्नीलाल के घर में अचानक गैस सिलेंडर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया,जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।आग लगते ही परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सिलेंडर को घर से बाहर निकाल दिया,जिससे आग अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी।

आग बुझाने के लिए पहले सिलेंडर पर मिट्टी डाली गई, लेकिन लपटें जारी रहीं। इसके बाद लोगों ने पानी में भीगा बोरा सिलेंडर के ऊपर डाल दिया,जिससे धीरे-धीरे आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

आग बुझाने के दौरान गृहस्वामी राजेश शर्मा झुलस गए। राजा ठाकुर, गौरव धाकरे,नरेंद्र शर्मा सहित अन्य मोहल्ला वासियों ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। आशंका जताई गई कि सिलेंडर पाइप लीक होने की वजह से संभवत: आग लगी है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Related Articles

Back to top button