बेजुबान गौ-वंश को पोषण के लिए खिलाया ड्राई फ्रूट और गुड़

ऊँचाहार, रायबरेली। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को ऊंचाहार क्षेत्र की कान्हा गौशाला में एक बेहद अनूठा और हृदय को छू लेने वाला दृश्य देखने को मिला। यहां भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने गौ-माता की सेवा को नई परिभाषा देते हुए मवेशियों को हरा चारा और भूसे के साथ-साथ काजू, किशमिश और गुड़ से बना विशेष आहार खिलाया।
आमतौर पर लोग गौशाला में चारा दान करते हैं, लेकिन भाजपा नेता ने सोचा कि जैसे इंसानों को त्योहार पर अच्छा भोजन चाहिए, वैसे ही बेजुबान गौ-वंश को भी पोषण की जरूरत है। ड्राई फ्रूट और गुड़ बड़े प्रेम से गायों को खिलाए गए, जिसे मवेशियों ने भी बड़े चाव से खाया। इस मौके पर भाजपा नेता ने कहा गाय हमारे लिए सिर्फ पशु नहीं, माता है और हमारी संस्कृति की आत्मा है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य ही है कि हम समाज के अंतिम व्यक्ति और बेजुबान जीव तक सेवा पहुंचाएं।
आज बसौड़ा पर्व पर मवेशी खूंटे की पूजा की परंपरा ने हमें याद दिलाया है कि पशुधन की सेवा ही सच्ची पूजा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को ईश्वर इतना सामर्थ्य दें कि वो भारत मां की लगातार सेवा करते रहे और भारत का मस्तक ऊंचा करते रहे । गौशाला में मौजूद ग्रामीणों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि नेताओं को इसी तरह जमीन से जुड़ी सेवा करनी चाहिए। यह आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गुड्डन यादव , बीडीसी विजय पाल , राम बहादुर, रौनक अग्रहरि , संदीप पटेल , मनीष कौशल , हरेन्द्र पासवान , भारत लाल लोधी आदि मौजूद थे ।



