सीढ़ियों से फिसल कर गिरे किसान की मौत
फूल-माला बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था मृतक

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के गांव धरवार में रविवार सुबह छत से उतरते समय सीढ़ियों से गिरकर 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन और पड़ोसी उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, धरवार गांव निवासी 55 वर्षीय अरविंद सिंह पुत्र सियाराम फूलों की खेती करते थे। वह फूलों से माला बनाकर रोजाना सुबह साइकिल से ब्रह्माणी देवी मंदिर जाते थे और शाम तक फूल-माला बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह दैनिक क्रिया के लिए उठने के बाद वह छत पर जाने के लिए बनी सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन में पड़ोसी ओमवीर सिंह उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर विकास अग्निहोत्री ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के पास एक बीघा जमीन बताई गई है।
मृतक की पत्नी मंजू देवी दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। उनके 15 वर्षीय बेटी खुशी और 13 वर्षीय अंशुल व 11 वर्षीय सुमित हैं। अरविंद ही मेहनत-मजदूरी और फूल-माला बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


