मऊ में 19-20 नवंबर को होगा विधानसभा स्तरीय UPRSL खेल महोत्सव

मऊ युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को मजबूत आधार देने हेतु युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षक दल विभाग, जनपद मऊ द्वारा मा. सांसद/मा. विधायक UPRSL विधानसभा स्तरीय खेल स्पर्धा का आयोजन 19 नवम्बर 2025 से 20 नवम्बर 2025 तक किया जा रहा है। इस दो दिवसीय भव्य खेल महोत्सव का आयोजन मऊ जिले की विधानसभा 356—मऊ के अंतर्गत बीबीपुर, रतनपुरा स्थित खेल मैदान में होगा, जहां विभिन्न वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाएंगे।

स्पर्धाओं को सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया है, जिनमें एथलेटिक्स, बॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, फुटबॉल, जूडो और भारोत्तोलन जैसी प्रमुख खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी स्तर के खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ सकें।

इस आयोजन की मुख्य अतिथि शासन द्वारा जनपद मऊ की नामित नोडल अधिकारी एवं मा. सांसद (राज्यसभा) श्रीमती दर्शना सिंह होंगी, जो 19 नवम्बर की सुबह बीबीपुर खेल मैदान में प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगी। उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह का संचार होना तय है।

रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिसके लिए प्रतिभागी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.yuvasathi.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिकतम खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु युवा कल्याण विभाग ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्पोर्ट्स क्लबों व ग्राम स्तरीय युवा संगठनों को भी सूचना प्रसारित की है।

जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री विनु कुमार सिंह ने जानकारी दी कि स्पर्धाओं को सफल एवं व्यवस्थित रूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मैदान की व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सकीय सुविधा, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विभाग द्वारा सभी जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी परदहां/रतनपुरा, खंड विकास अधिकारी रतनपुरा, जिला युवा कल्याण अधिकारी मऊ तथा उपजिलाधिकारी सदर मऊ सक्रिय भूमिका में रहेंगे तथा समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button