एक्स फौजी ने लौटाया लैपटॉप-दस्तावेजों से भरा बैग

रिटायर्ड आईटीबीपी जवान ने पेश की ईमानदारी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर के महलई टोला निवासी आईटीबीपी के रिटायर्ड जवान ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिला लैपटॉप और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग उसके असली मालिक को सुरक्षित वापस कर दिया। इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में लोगों द्वारा खूब प्रशंसा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार कोठी कैस्त निवासी सत्येंद्र यादव के यहां एक विवाह समारोह का आयोजन था,जिसमें उच्च न्यायालय के अधिवक्ता राहुल तिवारी भी शामिल होने आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनका बैग कहीं गिरकर खो गया। बैग में लैपटॉप,पैन कार्ड,आधार कार्ड,ड्राइविंग लाइसेंस सहित कुछ जरूरी कागजात और नगदी रखी हुई थी।

इसी बीच सड़क पर पड़ा यह बैग महलई टोला निवासी प्रदीप पांडे पुत्र स्व. रामनाथ पांडे को मिला। बैग में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने उसके मालिक का पता लगाया और तुरंत सत्येंद्र यादव से संपर्क किया। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने बैग उसके असली मालिक अधिवक्ता राहुल तिवारी को सकुशल सौंप दिया।

बैग वापस मिलने पर अधिवक्ता राहुल तिवारी ने प्रदीप पांडे की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की।

Related Articles

Back to top button