पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत: तीन घायल,

25 मीटर तक ऑटो को घसीट कर ले गया पिकअप चालक

भरथना,इटावा। भरथना थाना क्षेत्र के भरथना-ऊसराहार मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ऑटो सवार 72 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कन्नौज जनपद के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी संतोष कुमार पुत्र रूप लाल अपनी 72 वर्षीय मां रूपरानी और बहन ममता देवी के साथ सोमवार शाम इटावा से दवा लेकर लौट रहे थे। देर होने पर तीनों भरथना क्षेत्र के गांव रमायन स्थित अपने जीजा हरविलास पुत्र तुलाराम के घर रुक गए थे।

मंगलवार सुबह तीनों गांव रमायन से गावं निवासी आनंद माथुर पुत्र मदन लाल उम्र 38 वर्ष का ऑटो बुक कर अपने गांव के लिए निकले थे। जैसे ही ऑटो भोली चौराहे के पास पहुंचा,तभी ऊसराहार की ओर से आम से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पिकअप चालक करीब 25 मीटर तक ऑटो को घसीटता ले गया। इसके बाद वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने संतोष कुमार,रूपरानी और ममता देवी की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सैफई पीजीआई रेफर कर दिया,जबकि घायल ऑटो चालक का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

सैफई पीजीआई पहुंचने पर चिकित्सकों ने रूपरानी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना उपनिरीक्षक इदु हसन ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है

Related Articles

Back to top button