गड्ढे में पलटा ई-रिक्शा कूदकर बचाई जान
जनकपुर-झलोकर मार्ग पर जगह-जगह हुए गहरे गड्ढे

जसवंतनगर,इटावा। जनकपुर-झलोकर मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे ग्रामीणों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। खराब सड़क के कारण आए दिन वाहन असंतुलित होकर गिर रहे हैं। शुक्रवार को सामान लादकर जा रहा एक ई-रिक्शा गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रिक्शे से छलांग लगा दी,जिससे उसकी जान बच गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।
ई-रिक्शा पर टीन शेड और पाइप लदे हुए थे। गड्ढे में पहिया फंसते ही रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। चालक के समय रहते बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के अनुसार मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन भी आए दिन असंतुलित होकर गिरते रहते हैं।
ग्रामीण शिवम,आलोक, भूरे,राहुल,प्रदीप,अशोक और बबलू आदि ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से स्कूली बच्चों,महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
जल्द होगा मरम्मत कार्य
ग्राम प्रधान ने बताया कि मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने की जानकारी मिली है। समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग से बात की जाएगी। जल्द ही मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।



