नशे के आदी युवक ने आठ वर्षीय बच्चे का अपहरण कर की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

असम, 19 जुलाई। असम के कामरूप जिले के रंगिया में नौ दिन पहले लापता हुए आठ वर्षीय बालक की अपहरण के बाद हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित रफीकुल अली को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रन तालुकदार के रूप में हुई है। वह नौ दिन पहले रंगिया रेलवे स्टेशन के समीप से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। बेटे के अचानक गायब होने के बाद उसकी मां दीपा तालुकदार ने आसपास के इलाकों, गलियों और मोहल्लों में लगातार उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने रंगिया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उदियाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले रफीकुल अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बाद में उसे मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपित प्लास्टिक की पानी की बोतलें इकट्ठा करने का काम करता था और वह नशे का आदी है।
रंगिया पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपित से गहन पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे के मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



