डीएम-एसएसपी ने देखा विश्व प्रसिद्ध रामलीला का मंचन

रावण दहन न करने की परंपरा और पुतला लूटने की प्रथा की ली जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। नगर में चल रही विश्व प्रसिद्ध रामलीला का मंगलवार शाम जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने रामलीला मैदान पहुंचकर कलाकारों द्वारा किए जा रहे मंचन का आनंद लिया। इसके बाद रामलीला कमेटी के प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू और उपप्रबंधक अजेंद्र गौर से रामलीला की अनूठी परंपराओं के बारे में जानकारी ली।

डीएम और एसएसपी ने विशेष रूप से रावण दहन न किए जाने की परंपरा को समझा। उन्होंने रावण के पुतले को गिराने के बाद उसे लूटने की परंपरा के बारे में भी बारीकी से जानकारी ली। इसके बाद दोनों अधिकारी लंका में बने मंच पर पहुंचे और वहां रखे मुखौटों को देखा। उन्होंने मुखौटों की बनावट और उनकी बारीकियों के बारे में जानकारी ली।

रामलीला के मंचन में कलाकारों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली तलवारों को भी अधिकारियों ने हाथ में लेकर देखा। बताया गया कि इनमें कुछ तलवारों का वजन पांच से छह किलो तक होता है। इतना अधिक वजन होने के बावजूद कलाकारों द्वारा युद्ध के दृश्यों में तलवारों का कुशलता से संचालन करने पर डीएम और एसएसपी ने कलाकारों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। अंत में डीएम और एसएसपी ने क्षेत्रवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, तहसीलदार नेहा सचान, सीओ आयुषी सिंह, थानाध्यक्ष कमल भाटी समेत रामलीला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button