मां की मौत से क्षुब्ध युवक ने की आत्महत्या, इलाज के दौरान हुई मौत

ऊसराहार,इटावा। ऊसराहार क्षेत्र में मां की मौत के बाद मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ऊसराहार थाना क्षेत्र के ग्राम अमथरी निवासी 28 वर्षीय दिलशाद मोहम्मद पुत्र उमर मोहम्मद के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, दिलशाद की मां का करीब छह माह पहले कैंसर की बीमारी से निधन हो गया था। मां के निधन के बाद से वह गहरे सदमे में था और अक्सर खामोश रहने लगा था। उसके छोटे भाई रुखसाद मोहम्मद ने बताया कि मां की मौत के बाद दिलशाद मानसिक रूप से टूट गया था।
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। दिलशाद ने अपने घर के कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर पिता ने
पड़ोसियों को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। परिजनों ने तुरंत रस्सी काटकर दिलशाद को नीचे उतारा और गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही।
बुधवार शाम करीब चार बजे इलाज के दौरान दिलशाद की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।



