विश्व दिव्यांग दिवस: तीन गांवों में लगे जागरूकता शिविर

शिविर में बढ़-चढ़कर ग्रामीणों ने लिया भाग

जसवंतनगर,इटावा। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा के तहत बुधवार को मलाजनी,धनुवां और फुलरई गांव में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। दिव्यांगजन के अधिकारों,सरकारी योजनाओं और संरक्षण संबंधी जानकारियां साझा किए जाने के कारण ग्रामीणों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मलाजनी स्थित आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र में पीएलवी ऋषभ पाठक के संयोजन में शिविर आयोजित हुआ। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, सहायता उपकरणों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं धनुवां के मदर फ्राइडे स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन पीएलवी राजेंद्र यादव ने किया। उन्होंने दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने अनाथ और असहाय बच्चों हेतु मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना,स्पॉन्सरशिप योजना और बाल अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी। स्कूल प्रबंधक दीपक सिंह और विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहा।

फुलरई गांव के प्राथमिक विद्यालय में पीएलवी नीरज के संयोजन में शिविर आयोजित किया गया। यहां भी बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा,छात्रवृत्ति और सहयोग योजनाओं पर ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वीर सिंह तथा विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

सभी शिविरों में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दिव्यांगजनों की सहायता एवं उनके अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम सफल एवं जागरूकता बढ़ाने वाला साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button