चचेरे भाई ने किशोरी की कुल्हाड़ी से की हत्या
आरोप:पुलिस की लापरवाही से गई बेटी की जान

इकदिल,इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम मुरेथा में गुरुवार को हुई किशोरी की निर्मम हत्या के मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के परिवार ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हत्या आरोपी रीलू के खिलाफ पहले शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते आज उनकी बेटी की जान चली गई।
घटना के अनुसार मृतका की हत्या उसके सगे चचेरे भाई रीलू ने की। पिता प्रेमचंद के मुताबिक आरोपी लंबे समय से मृतका पर गलत नीयत रखता था और उस पर अपना कब्जा जमाना चाहता था। मृतका पल्लवी द्वारा विरोध करने पर वह तांडव करता था, हम सबको जान से मारने की धमकियां देता था, रीलू ने गुरुवार को कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी रीलू का अपराध रिकॉर्ड नया नहीं है। वह अपनी ही सगी बहन से भी छेड़छाड़ कर चुका है। प्रेमचंद्र के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व आरोपी ने मृतका के घर के सामने शराब के नशे में उत्पात मचाया था, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत दी थी। लेकिन आरोप है कि हल्का इंचार्ज ने गंभीर अपराध को हल्के में लेते हुए सिर्फ औपचारिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को छोड़ दिया, जिसका नतीजा यह हुआ कि आरोपी ने अब हत्या जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद अब एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी रीलू नशे की हालत में मृतका के परिवार को गालियां देता और पुलिस को खुली चुनौती देता नजर आ रहा है।
हालांकि इस वीडियो की हम पुष्टि नहीं कर रहे है, लेकिन घटना के बाद से यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हत्या के बाद इटावा पुलिस हरकत में आई और सर्च ऑपरेशन के दौरान आरोपी रीलू को छह घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी को पैर में गोली लगी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मृतका के पिता प्रेमचंद ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा अगर पुलिस ने पहले ही कड़ी कार्रवाई की होती तो आज मेरी बेटी हमारे साथ होती। अब मुझे सिर्फ न्याय चाहिए। मेरी बेटी की जिस तरह हत्या हुई है उसी तरह आरोपी को मौत मिलनी चाहिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से आरोपी को सख्त सजा दिलाने और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।



