वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान चलाएगी कांग्रेस, चुनाव आयोग से पारदर्शिता की मांग

गाजियाबाद। कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं को लेकर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। पार्टी ने राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र, महादेवपुरा, हरियाणा और कर्नाटक में उठाए गए चुनावी अनियमितताओं के मुद्दों का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची का डिजिटल डेटा उपलब्ध कराने और वोट जोड़ने व हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। पार्टी के अनुसार, अभियान के तहत बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन, जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस ने गाजियाबाद के नागरिकों से अपने मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र एवं संविधान की मजबूती के लिए अभियान में भाग लेने की अपील की है। ये आरोप और मांगें कांग्रेस की ओर से रखी गई हैं।



