शहर विधायक ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मंडल मुरादाबाद प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर। जनपद में संचारी रोगों पर नियंत्रण एवं जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (5 से 31 अक्टूबर 2025) तथा दस्तक अभियान (11 से 31 अक्टूबर 2025) का शुभारंभ आज किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर से शहर विधायक आकाश सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रैली मुख्य मार्ग से होते हुए जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय में सम्पन्न हुई। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु शपथ दिलाई और अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि हमें अपने घर, गांव और मोहल्ले को स्वच्छ रखना है तथा लोगों को साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना है। बुखार या किसी भी संचारी रोग के लक्षण दिखें तो तुरंत सरकारी अस्पताल जाएं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ग्रामों और मोहल्लों में साफ-सफाई, पेयजल की स्वच्छ व्यवस्था, कचरे का निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, लार्वा नाशक दवा का छिड़काव, फॉगिंग एवं संचारी रोगियों की पहचान कर उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार, क्षय रोग, कुष्ठ, फाइलेरिया, कालाजार तथा कुपोषण से ग्रसित रोगियों की सूची तैयार करेंगी। साथ ही, जिन घरों में मच्छरों का प्रजनन पाया गया है, उनकी रिपोर्ट भी बनाई जाएगी।
अभियान के दौरान पशुपालकों का गहन संवेदीकरण, क्लोरीनेशन डेमो, पेयजल उबालने की प्रक्रिया, साबुन से हाथ धोने और शौचालय उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सत्यमूर्ति तोमर, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार, डॉ. के.के. चहल, डॉ. राजीव कुमार वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी श्री संजय सिंह चौहान, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. ताहिर, सहायक मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार राय, बायोलॉजिस्ट देवेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



