विकास भवन में सीडीओ का औचक निरीक्षण, 03 अधिकारी और 24 कर्मचारी अनुपस्थित, हड़कंप

परवेज आलम

लखीमपुर खीरी। गुरुवार सुबह विकास भवन में अचानक हड़कंप मच गया, जब सीडीओ अभिषेक कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 3 अधिकारी और 24 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया।

उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समय पालन सुनिश्चित करें, स्वयं भी प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई में उपस्थित रहें। परिसर में गंदगी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों और कार्यालय अधीक्षक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सीडीओ ने निर्देशित किया कि सभी कर्मचारियों के लिए समान टेबल/केबिन व्यवस्था, नाम पट्टिका अनिवार्य की जाए। अभिलेख नियमित अद्यतन कर अलमारी/रैक में व्यवस्थित रूप से रखवाए जाएं। कार्यालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

कड़ी हिदायत: अवकाश पर कर्मचारियों का प्रार्थना पत्र समय पर दर्ज करना अनिवार्य

सीडीओ अभिषेक कुमार ने विकास भवन में सभी कार्मिकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो कर्मचारी अवकाश पर हों, उनका अवकाश प्रार्थना पत्र मानव सम्पदा पोर्टल पर अपलोड किया जाए और उपस्थिति पंजिका में प्रातः 10 बजे तक अवकाश का अंकन अनिवार्य रूप से किया जाए। यदि निरीक्षण के समय किसी कर्मचारी का हस्ताक्षर कालम रिक्त पाया जाता है या अवकाश दर्ज नहीं किया गया, तो उसे अनुपस्थित मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अवकाश दर्ज न करने की जिम्मेदारी संबंधित स्थापना लिपिक पर भी होगी।

Related Articles

Back to top button