अचानक ब्रेक लगने से ट्रक में घुसी कार

कार सवार दो महिलाएं हुईं घायल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाँव जमुना बाग के समीप गुरुवार सुबह एक कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे उसमें सवार दो महिलाएं गंभीर घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आगरा की ओर से आ रही कार के आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। ड्राइवर मोहम्मद अब्बास ने बताया कि वे आगरा से अपने रिश्तेदार के दफीना में शामिल होकर कानपुर लौट रहे थे। दुर्घटना में 40 वर्षीय शाहिदा परवीन पत्नी मोहम्मद अब्बास निवासी रेल बाजार कानपुरनगर तथा 35 वर्षीय समरीन फातिमा पुत्री अली अब्बास घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।चिकित्सकों के प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उच्च संस्थान के लिए रेफर कर दिया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर बाधित हो रहे यातायात सुचारु कराया।

Related Articles

Back to top button