ट्यूबवेल के हौज में तैरती मिली अधेड़ की लाश

महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के मऊ गर्वी गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ की लाश ट्यूबवेल के हौज में तैरती हुई मिली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अनूप सिंह उर्फ पम्मू सिंह के रूप में हुई है, जो तीन दिनों से घर से लापता थे। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे कुछ बच्चे अमरूद तोड़ने खेत में गए थे।

पानी की टंकी में लाश देखकर बच्चे सहम गए और तुरंत गांव वालों को सूचना दी। कुछ ही देर में घटना की जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया, मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल हर पहलू पर जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार, मृतक नशे का आदी था। पुलिस मौत के पीछे की वजह को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button