शौच को गए किसान का खेत में पड़ा मिला शव
परिवार में मचा कोहराम,पुलिस जांच में जुटी

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तोर में मंगलवार को एक किसान का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे सूचना मिली कि ग्राम नगला तोर निवासी 63 वर्षीय किसान वीरेंद्र बघेल पुत्र रामपूत बघेल सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए खेतों की ओर गए थे, लेकिन देर तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने पर उनका शव खेत में पड़ा मिला, जिसके बाद परिजन उन्हें घर ले आए।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, शेर सिंह तोमर तथा क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी मीरा देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उनका एक पुत्र विकास नोएडा में निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि पुत्री रेनू की शादी धौलपुर खेड़ा गांव में हुई है। मृतक के एक भाई बलवीर भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं, जबकि दूसरे भाई उदय सिंह गुरुग्राम में मजदूरी करते हैं।
थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसान की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



