किशोर पर बाइक सवारों ने किया हमला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त के रहने वाले 15 वर्षी अयान खान पुत्र शाहबुद्दीन पर मोटर साइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि अयान अपने रिश्तेदारों के लिए कैंटीन पर नाश्ता लेने गया था। तभी डिस्कवर मोटर साइकिल से आए तीन अज्ञात युवकों ने पहले अयान से कॉल करने के बहाने मोबाइल मांगा। इसी दौरान एक हमलावर ने उसके सिर पर किसी धारदार हथियार से वार कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।परिजन घायल अयान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।



