‘आयुष आपके द्वार’: शिविर में 105 मरीजों का मिला इलाज
महिलाओं की रही अधिक भागीदारी नगला तौर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के निर्देशन में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगला रामसुंदर की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नंदिनी गुप्ता ने गुरुवार को गांव नगला तौर में ‘आयुष आपके द्वार’ निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन कराया। शिविर का आयोजन मायभारत यूथ क्लब के सहयोग से किया गया।
शिविर में 105 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। जांच के दौरान खुजली, फंगल संक्रमण, श्वास संबंधी रोग, उदर रोग, खांसी, जुकाम, बुखार, जोड़ों के दर्द तथा अन्य जीर्ण रोगों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही।
डॉ.नंदिनी गुप्ता ने मरीजों को नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते उपचार कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
शिविर में भृत्य सत्यप्रकाश, योग प्रशिक्षक अनुज तथा मायभारत यूथ क्लब के अध्यक्ष ऋषभ,सचिव पीयूष सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।



