ट्रक की कट लगने से ऑटो पलटा, मां-बेटे समेत सात घायल

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरसेना गांव के समीप शुक्रवार को ट्रक की कट लगने से एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मां-बेटे समेत ऑटो सवार सात रिश्तेदार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि धरवार गांव निवासी संतोष कुमार की 50 वर्षीय पत्नी शशि देवी अपने 25 वर्षीय पुत्र कुलदीप के साथ ऑटो में सवार थीं। कुलदीप ऑटो चला रहा था। उनके साथ फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के पाडम गांव निवासी बहन रेखा पत्नी होशियार सिंह 35, दूसरी बहन अस्मिता पत्नी कुलदीप 30, 16 वर्षीय भांजी नेन्शी पुत्री कुलदीप,17 वर्षीय शालिनी तथा 22 वर्षीय नीलम पुत्री संतोष कुमार भी सवार थीं। सभी लोग क्षेत्र के धरवार गाँव से औरैया जिले के अनंत राम टोल प्लाजा के पास स्थित सोनासी गांव मायके में जा रहे थे।

राजमार्ग पर कुरसेना गांव के समीप पहुंचते ही एक ट्रक की कट लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में शशि देवी के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आने के साथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं रेखा के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोट आई तथा कंधे में फ्रैक्चर हो गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।अन्य घायलों का सीएचसी में मरहम-पट्टी कर उपचार किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button